दतिया। भारत का क्षत्रिय समाज विश्व की मार्शल कौमों में सबसे अलग है। अन्य मार्शल कौमों ने निजी हित को जबकि क्षत्रिय समाज ने हमेशा न्याय का हित पहले रखा। मैं नई पीढ़ी को आव्हान करता हूँ कि वह न्याय के पक्ष में खड़े रहें, तभी सच्चे क्षत्रिय हैं। कहीं गलत हो रहा हो तो क्षत्रिय आबाज उठाएं।लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत विरोध करें। क्षत्रिय समाज ने हमेशा सर्व समाज का नेतृत्व किया है।व्यसनों का त्याग करें और शिक्षा पर जोर दें। समय के अनुसार अपनी भूमिका तय करें और समाज का नेतृत्व करते रहें। आज भी आम जनता में क्षत्रियों के प्रति विश्वास है।यह विचार सेंवढ़ा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक महाराज घनश्याम सिंह जूदेव ने शनिवार को बतौर मुख्य अतिथि किला प्रांगण में आयोजित क्षत्रिय दशहरा मिलन एवं दशहरा चल समारोह कार्यक्रम में उपस्थित क्षत्रिय समाज को संबोधित कर व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि दशहरा क्षत्रियों का मुख्य पर्व हैं, और दतिया का दशहरा देश भर में प्रसिद्ध रहा हैं। उन्होंने समस्त क्षत्रिय समाज को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराजा अरुणादित्य देव ने की।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में युवराज ह्र्दयस्थदेव,क्षत्रिय महासभा के पूर्व जिलाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह बुंदेला एवं करण सिंह बुंदेला,
मंचासीन रहे। कार्यक्रम को डॉ हरेंद्र जादौन, विक्रम बुंदेला, माधवेन्द्र सिंह परिहार आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार रवि ठाकुर, करण सिंह बुंदेला, डॉ हरेंद्र सिंह जादौन, अभय सेंगर एवं सूरज सिंह बैस को शॉल श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजपाल सिंह परिहार ने किया। कार्यक्रम के आरंभ में किला परिसर से गाजे बाजे के साथ चल समारोह शुरू होकर नगर के मुख्य मार्गों से निकला। चल समारोह में बड़ी संख्या में पैदल चल रहे क्षत्रिय समाज के लोगों पर नगर में जगह जगह पुष्प वर्षा कर नागरिकों ने स्वागत किया।कार्यक्रम के समापन पर सहभोज का आयोजन हुआ।